सारंगढ़ में श्रमजीवी पत्रकार संघ का भव्य जिला स्तरीय दीवाली मिलन समारोह संपन्न… सारंगढ़ को जिला बनाने में पत्रकारों का योगदान अविस्मरणीय- संजय भूषण पांडेय

सारंगढ़। श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा स्थानीय होटल श्री ओम में भव्य जिला स्तरीय दीवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक वर्ग, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और समाजसेवियों का जमावड़ा रहा।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संघ को इस सफल एवं सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने श्रमजीवी पत्रकार संघ को जिला स्तरीय आयोजन के लिए बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। पत्रकारों की निर्भीक और निष्पक्ष कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा “आप कहो, वही मैं लिखूं, ऐसा हो नहीं सकता, सच को सच ना लिखूं, ऐसा हो नहीं सकता।” श्री पांडेय ने कहा कि देश, समाज और विकास के हर क्षेत्र में मीडिया जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आंदोलन हो, उत्सव हो या विकास कार्य पत्रकार अपनी लेखनी से जनता को जागरूक कर देश की प्रगति में योगदान देते हैं। जिस जिम्मेदारी से जनप्रतिनिधि और शासकीय सेवक कार्य करते हैं, उतनी ही जिम्मेदारी से पत्रकार उन बातों को प्रमुखता से उठाते हैं। नेता, अधिकारी, व्यापारी, कर्मचारी या किसान पत्रकार समाज के हर वर्ग की आवाज होता है।
अतीत को याद करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सारंगढ़ को जिला बनाने के संघर्ष में आम जनता, व्यापारियों और नेताओं के साथ-साथ पत्रकार जगत का भी ऐतिहासिक योगदान रहा है, जिन्होंने निरंतर कवरेज के माध्यम से इस मांग को बुलंद किया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में जनसेवा का अवसर मिलने में भी पत्रकार साथियों की सकारात्मक लेखनी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने पत्रकार साथियों से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में हो रहे अच्छे कार्यों को पूरी दुनिया के सामने लाएं, और यदि कहीं कोई कमी नजर आए, तो उसे सुधारने वाले जिम्मेदार लोगों को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराएं।
होटल श्री ओम में आयोजित इस दीवाली मिलन समारोह में जिले के विधायक उत्तरी जांगड़े , जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय तिवारी, जनपद अध्यक्ष ममता ठाकुर नगर पंचायत अध्यक्ष सोनी बंजारे , जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन , जिला भाजपा महामंत्री, जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद पंचायत सदस्यगण एवं नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल, व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में पत्रकार साथी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।