छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूल में बवाल : प्राचार्य पर महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता और प्रताड़ना के आरोप, संघ ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम…

 

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। स्कूल के प्राचार्य पर संविदा शिक्षकों और महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक शोषण और नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।

मामले को लेकर छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

प्राचार्य पर आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना के आरोप
संघ ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि, यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि, दाढ़ी स्कूल में कार्यरत संविदा शिक्षकों को आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों को नौकरी से निकालने और उनकी गोपनीय चरित्रावली (सीआर) खराब करने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत की गई है। संघ ने वेतन से अवैध वसूली और महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश के नाम पर परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया है।

महिला शिक्षिकाओं ने लगाए गंभीर आरोप
मामले में स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने प्राचार्य गेंदलाल चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि, प्राचार्य द्वारा उनके पहनावे को लेकर अश्लील टिप्पणियां की जाती हैं। इसके अलावा ‘टोनही’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

तीन दिन में जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि, संघ प्रदेश के करीब 12 हजार संविदा शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है। संघ ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि, तीन दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Back to top button