सारंगढ़ शहर सरकार के दावेदारों की कतार में मजबूती से उभरे हरिनाथ खूंटे.. सारंगढ़ नगर पालिका में शिक्षित और अनुभवी नेतृत्व की मांग..

सारंगढ़। नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के आगामी चुनाव को लेकर शहर का सियासी पारा चढ़ने लगा है। ‘शहर सरकार’ की कमान किसके हाथ में होगी, इसे लेकर चौक-चौराहों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस तेज है। एक तरफ जहां सत्ताधारी और विपक्षी दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं, वहीं आम मतदाताओं के बीच इस बार एक ऐसे शिक्षित, अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व की चर्चा जोरों पर है जो शहर को बुनियादी समस्याओं से निजात दिला सके। इसी कड़ी में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खूंटे एक मजबूत और संभावनाशील दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
सियासी विरासत और उच्च शिक्षा का संगम-
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगरीय प्रशासन की बारीकियों को समझने और योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए योग्य नेतृत्व का होना अनिवार्य है। एम.ए. और एल.एल.बी. की उच्च शिक्षा प्राप्त हरिनाथ खूंटे इस कसौटी पर खरे उतरते दिखाई देते हैं। उन्हें राजनीति विरासत में मिली हैउनके पिता स्वर्गीय भैयाराम खुटे सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि, खूंटे ने पारिवारिक पृष्ठभूमि से आगे बढ़ते हुए संगठन में प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के जरिए अपनी स्वतंत्र और सक्रिय राजनीतिक पहचान स्थापित की है।
बुनियादी ढांचे और व्यापारिक वर्ग की उम्मीदों पर फोकस-
शहर के मतदाताओं की प्रमुख चिंता आज भी नियमित पेयजल, जर्जर सड़कों का सुधार, जल निकासी के लिए पक्की नालियां, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हैं। खूंटे के समर्थकों और राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, उनका विजन प्रत्येक वार्ड की समस्याओं के स्थायी समाधान पर केंद्रित है। इसके साथ ही, सारंगढ़ के आर्थिक विकास की रीढ़ माने जाने वाले व्यापारी वर्ग की लंबे समय से चली आ रही मांगों जैसे सुव्यवस्थित पार्किंग, जाम से मुक्ति, सुरक्षित व्यावसायिक माहौल और आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण को भी वे अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखते हैं।
डबल इंजन की सरकार और युवा विजन का लाभ-
युवा वर्ग को रोजगारोन्मुखी अवसरों, खेल सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की सोच उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बना रही है। सियासी जानकारों का आकलन है कि केंद्र और छत्तीसगढ़ राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने से ‘डबल इंजन’ के समन्वय का सीधा लाभ शहर को मिल सकता है। यदि नगर पालिका की बागडोर किसी अनुभवी और संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेतृत्व को मिलती है, तो शासन से विकास निधि लाने और अगले दो दशकों के आधुनिक सारंगढ़ की नींव रखने में आसानी होगी।
फिलहाल, टिकट वितरण से पहले ही सारंगढ़ की राजनीति में दावेदारों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को दिलचस्प बना दिया है, जहां शहर की जनता अब केवल आश्वासनों के बजाय ठोस विजन और कार्यक्षमता के आधार पर अपना मन बना रही है।