सारंगढ़

जिला अस्पताल की ओपीडी 1 लाख पार…सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा भरोसा, 18 विभागों में मरीजों को मिल रहा उपचार…

 

सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 24 नवंबर तक अस्पताल की कुल ओपीडी संख्या 1,03,787 पहुंच गई है। अस्पताल में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जिला चिकित्सालय के प्रति आम जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। इस अवधि में कुल 93,990 नए मरीजों ने पंजीयन कराया, जबकि 9,797 मरीज पुनः जांच एवं उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे।

जिला चिकित्सालय में वर्तमान में कुल 18 विभागों के माध्यम से ओपीडी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। सभी विभागों में मरीजों को नियमित जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अस्पताल में सबसे अधिक मरीज जनरल ओपीडी में पहुंचे, जहां कुल 35,080 मरीजों का पंजीयन हुआ। यह कुल ओपीडी संख्या का लगभग 33.78 प्रतिशत है। इसके बाद मेडिसिन विभाग में 18,958 मरीज, शिशु रोग एवं प्रिवेंटिव विभाग में 12,204 मरीज तथा अस्थि रोग विभाग में 9,389 मरीजों ने उपचार एवं परामर्श लिया।

कैजुअल्टी क्लिनिक एवं वार्ड में 6,460 मरीज पहुंचे, जबकि स्त्री रोग विभाग में 5,890 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा नेत्र रोग, दंत रोग, एएनसी, ईएनटी, नेफ्रोलॉजी एवं डायलिसिस सहित विभिन्न विभागों में भी बड़ी संख्या में मरीजों को सेवाएं प्रदान की गईं।

जिला चिकित्सालय द्वारा जारी विभागवार ओपीडी आंकड़ों के अनुसार जनरल ओपीडी में 35,080, मेडिसिन में 18,958, शिशु रोग एवं प्रिवेंटिव में 12,204, अस्थि रोग में 9,389, कैजुअल्टी क्लिनिक एवं वार्ड में 6,460, स्त्री रोग में 5,890, नेत्र रोग में 3,785, दंत रोग में 2,817, एएनसी में 2,422, ईएनटी में 2,364 तथा नेफ्रोलॉजी एवं डायलिसिस विभाग में 1,679 मरीजों ने सेवाएं लीं। वहीं मेडिकल बोर्ड में 1,557, जनरल सर्जरी में 841, एनआरसी में 188, टीबी एवं चेस्ट विभाग में 174, इमरजेंसी मेडिसिन में 133, लेप्रोसी विभाग में 58 और पैथोलॉजी में 3 मरीजों का आंकड़ा दर्ज किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि जिला चिकित्सालय की ओपीडी का एक लाख से अधिक पहुंचना अस्पताल के प्रति आम जनता के बढ़ते विश्वास और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ अस्पताल प्रबंधन लगातार सेवाओं का विस्तार, जांच सुविधाओं में सुधार और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि मरीजों को अधिक से अधिक उपचार एवं जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम पड़े।

Back to top button