सारंगढ़

271 पदों पर भर्ती का मौका, 27 नवंबर को रोजगार मेला…

सारंगढ़। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा रोजगार का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। आगामी 27 नवंबर, शुक्रवार को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होने वाले इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले का आयोजन कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा किया जा रहा है।

रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का चयन करेंगी। स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि. द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा टेक्नीशियन के 30 पद तथा चैतन्य इंडिया प्रा. लि. द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर दिया जाएगा।

इसके अलावा टीपीएल सर्विसेज प्रा. लि. द्वारा तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पदों पर बड़ी संख्या में भर्ती की जाएगी। कंपनी के अंतर्गत टेक्नीशियन, फिटर, गैस कटर, ग्राइंडर ऑपरेटर, वेल्डर, टर्नर, केन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर एवं हेल्पर सहित कुल 181 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस तरह रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताओं वाले युवाओं को अपनी क्षमता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। जिले में आयोजित इस रोजगार मेले से उन युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो नौकरी की तलाश में हैं और निजी कंपनियों में रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं।

जिला प्रशासन ने जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा बड़ी संख्या में रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर रोजगार मेला स्थल, नगर पंचायत सरसींवा में उपस्थित होना होगा।

यह रोजगार मेला स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने और जिले में बेरोजगारी कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Back to top button