सारंगढ़

किसानों की परेशानी दूर करने पहल, उत्तरी जांगड़े ने अपेक्स बैंक शिफ्ट करने उठाई आवाज.

सारंगढ़। किसानों को धान खरीदी के सीजन में बैंकिंग सुविधाओं के लिए होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने सारंगढ़ विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने अपेक्स बैंक की सारंगढ़ शाखा को वर्तमान स्थान से किसी सुविधाजनक जगह पर स्थानांतरित करने की मांग करते हुए बैंक के प्रबंध संचालक, नवा रायपुर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने किसानों की समस्याओं को पत्र के माध्यम से सामने रखते हुए बताया कि वर्तमान में अपेक्स बैंक की शाखा बिलासपुर रोड, प्रतापगंज में संचालित है। इस शाखा से लगभग 25 सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को धान खरीदी की राशि का भुगतान किया जाता है। धान खरीदी सीजन के दौरान बैंक में किसानों की भारी भीड़ उमड़ती है और प्रतिदिन लगभग 500 से 600 किसान भुगतान संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं।

बैंक में किसानों की संख्या अधिक होने के बावजूद वर्तमान भवन में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने, छाया की कमी, पेयजल सुविधा का अभाव और पार्किंग की समस्या के चलते दूर-दराज के गांवों से आने वाले किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। विशेषकर धान खरीदी के सीजन में बुजुर्ग किसानों सहित अन्य हितग्राहियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने किसानों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बैंक शाखा को किसी उपयुक्त एवं सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बैंक में पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, छाया तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना बेहद जरूरी है, ताकि किसानों को भुगतान के लिए बैंक पहुंचने पर असुविधा न हो।

उन्होंने बैंक प्रबंधन से किसानों की सुविधा और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए शाखा स्थानांतरण की मांग पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है। विधायक की इस पहल से धान खरीदी सीजन में बैंक पहुंचने वाले सैकड़ों किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Back to top button