गगोरी में गजपति जांगड़े व राजेंद्र घृतलहरे ने किया नए स्कूल भवन का लोकार्पण, बच्चों को मिली शिक्षा की नई सौगात…

सारंगढ़। ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने और गांव के नौनिहालों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत गगोरी ने एक सराहनीय पहल की है। ग्राम गगोरी में नवनिर्मित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला भवन का विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर लोकार्पण किया गया। सरपंच गजपति जांगड़े एवं पंचायत सचिव राजेंद्र घृतलहरे ने संयुक्त रूप से नए विद्यालय भवन का उद्घाटन कर इसे गांव के बच्चों को समर्पित किया।
नए विद्यालय भवन के शुभारंभ से गांव में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। खासकर छात्र-छात्राओं के चेहरों पर अपने नए स्कूल भवन को लेकर उमंग और उत्साह साफ झलक रहा था। लंबे समय से बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और अनुकूल वातावरण की अपेक्षा कर रहे ग्रामीणों एवं बच्चों के लिए यह भवन किसी नई सौगात से कम नहीं है। अब विद्यार्थियों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सरपंच गजपति जांगड़े एवं पंचायत सचिव राजेंद्र घृतलहरे ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांव में शिक्षा की मजबूत नींव ही आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी। विद्यालय भवन जैसी सुविधाएं बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नए भवन के शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि गांव के पालकों में भी अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर विश्वास और उत्साह बढ़ेगा। ग्रामीणों ने विद्यालय भवन की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत के इस प्रयास की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में गांव की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
लोकार्पण समारोह में उपसरपंच जीवनलाल यादव, पंच अनीता साहू, सत्येंद्र कुमार रात्रे, महेश्वरी पटेल, राजकुमार पटेल, भुनेश्वरी साहू, दिव्या कुर्रे, संतोषी बाई कुर्रे, विनीता पटेल एवं शांति बाई गौड़ सहित पंचायत के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
शिक्षकीय स्टाफ की ओर से प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक भरत लाल बंजारे, माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक पंकज अग्रवाल, शिक्षक शरत कुमार रात्रे, सुखदेव कुमार रात्रे, पुरुषोत्तम लाल साहू एवं दादूराम रात्रे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पालक एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई।
गगोरी में नए प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण गांव के लिए शिक्षा, विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह भवन आने वाले समय में गांव के अनेक बच्चों के सपनों को आकार देने और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।