गांव की स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी बनीं मितानिन बहनें, सारंगढ़ में सम्मान के साथ मनाया गया मितानिन दिवस…

सारंगढ़। मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं, जो निःस्वार्थ सेवा भावना के साथ गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके इसी सेवाभावी योगदान और समर्पण के सम्मान में 23 नवंबर को मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मुड़पार छोटे के प्राथमिक शाला भवन में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं विद्यालय के शिक्षकगणों की उपस्थिति में मितानिन बहनों का सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चमेली नायक, उपसरपंच श्री भवसागर सदावर्ती, पंचायत सचिव श्री लुकेश चंद्र पटेल, पंच श्री नरेंद्र नायक, श्री नसीब कुमार चौहान एवं श्री दुरसिंह राठिया सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मितानिन बहनों के सेवाभावी कार्यों को ग्रामीण समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत सचिव श्री लुकेश चंद्र पटेल ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। वे गांव के प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित करना, नवजात शिशुओं एवं बच्चों के टीकाकरण, कुपोषण की पहचान, स्वच्छता और पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है। जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भी मितानिन बहनें महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती हैं।
निःस्वार्थ सेवा और समर्पण की मिसाल
सरपंच श्रीमती चमेली नायक एवं उपसरपंच श्री भवसागर सदावर्ती ने मितानिन बहनों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे बिना किसी स्वार्थ के ग्रामीण परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को समझते हुए निरंतर सेवा करती हैं। शासन की स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मितानिन बहनें एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका कार्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता, विश्वास और सेवा भावना को मजबूत करने का भी काम करता है।
पंचायत ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
कार्यक्रम में उपस्थित पंचगण एवं शिक्षकगणों ने भी मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से गांव में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को बेहतर बनाने तथा मितानिन बहनों के कार्यों में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और इसी तरह निरंतर जनसेवा में योगदान देते रहने की कामना की गई। समारोह ने गांव में स्वास्थ्य सेवा के प्रति समर्पण और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।