सारंगढ़

नावापाली में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई आंवला नवमी…

बरमकेला। विकासखंड के ग्राम नावापाली में आंवला नवमी पर्व पारंपरिक श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक ने अपने परिवार के साथ आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

पूजन के दौरान आंवला वृक्ष पर चंदन, हल्दी, रोली, तिल एवं अक्षत अर्पित किए गए। माता लक्ष्मी के निमित्त सिंदूर, श्रृंगार सामग्री एवं पुष्प चढ़ाकर कलावा बांधा गया और देसी घी का दीप प्रज्वलित किया गया। श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति, समृद्धि और आरोग्य के लिए प्रार्थना की।

पर्व के अवसर पर गांव के ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना में भाग लिया। धार्मिक आयोजन के बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर प्रसाद एवं भोजन ग्रहण किया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को आंवला नवमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

ग्राम नावापाली में पर्व को लेकर दिनभर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा-अर्चना और सामूहिक भोज के माध्यम से धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला।

Back to top button