सारंगढ़

बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय शुरू, हर गुरुवार होगी सुनवाई…

सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया है। बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की घोषणा की गई थी, जिसे अब प्रशासन ने पूरा कर लिया है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं नियमित समीक्षा के बाद कार्यालय संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार, बिलाईगढ़ परिसर में किया जाएगा। प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट संचालित किया जाएगा, जहां नियमानुसार राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई कर निराकरण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र के किसानों, अधिवक्ताओं और विभिन्न मामलों के पक्षकारों को बड़ी राहत मिलेगी। राजस्व संबंधी मामलों के लिए जिला मुख्यालय सारंगढ़ आने-जाने की परेशानी, समय और खर्च में कमी आएगी। स्थानीय स्तर पर सुनवाई की सुविधा मिलने से आम नागरिकों की प्रशासन तक पहुंच आसान होगी और प्रकरणों के निराकरण में भी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Back to top button