चुनावी शंखनाद के साथ सारंगढ़ में भाजपा कार्यालय का आगाज, बूथ जीतने पर फोकस…

सारंगढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सारंगढ़ स्थित केशरवानी धर्मशाला में भाजपा चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यालय शुभारंभ के साथ ही संगठन ने चुनावी गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं को मैदान में सक्रिय करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संभाग प्रभारी रामू रोहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, सह प्रभारी विद्या सिदार, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, जिला महामंत्री रिंकू तिवारी, मंडल प्रभारी स्वपनिल स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष निखिल बानी, कैलाश पंडा, जगन्नाथ केशरवानी सहित महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैजयंती लहरे, नगर मंडल अध्यक्ष रविता भारद्वाज, चंद्रिका ठाकुर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या और उनके उत्साह को देखकर जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश, समर्पण और आपसी एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बूथ एवं शक्ति केंद्रों को लगातार सक्रिय रखने और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने पर जोर दिया।
संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए कमर कसकर मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ की जिम्मेदारी संभाले और पूरी सक्रियता के साथ कार्य करे, क्योंकि चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। हर बूथ को मजबूत बनाना, मतदाताओं तक पहुंचना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।
भाजपा का यह चुनाव कार्यालय आगामी नगर पालिका चुनाव के दौरान संगठनात्मक समन्वय, जनसंपर्क, बैठकों, रणनीति निर्धारण एवं चुनावी गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा। कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही पार्टी ने स्थानीय स्तर पर चुनावी अभियान को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष निखिल बानी ने उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही सारंगढ़ में भाजपा की चुनावी सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के बीच पार्टी ने बूथ स्तर पर मजबूती, जनसंपर्क और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यप्रणाली को आगामी चुनाव की प्रमुख रणनीति के रूप में सामने रखा है।