सारंगढ़

शिक्षा के साथ अब व्यापार और स्वरोजगार में भी आगे बढ़े ब्राह्मण समाज- संजय भूषण पाण्डेय कोरबा में परशुराम ब्राह्मण समाज का प्रथम युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न…

 

​कोरबा। परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में बुधवारी स्थित परशुराम विप्र भवन में प्रथम ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया।
​कार्यक्रम में रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।

​अध्यक्षीय उद्बोधन में संजय भूषण पाण्डेय ने विवाह और पारिवारिक मूल्यों पर बेबाक विचार रखते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का जुड़ाव है। कोई भी इंसान सर्वगुण संपन्न नहीं होता, इसलिए एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार कर सामंजस्य बिठाना ही सफल दांपत्य का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से डॉक्टर, इंजीनियर या किसी विशेष पेशे की जिद छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि इस मानसिकता के कारण कई योग्य युवक-युवतियां अच्छे रिश्तों से वंचित रह जाते हैं। पद और पेशे के बजाय स्वभाव और संस्कार को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही, माता-पिता बच्चों को संस्कार देने के साथ उन पर भरोसा करें और करियर व जीवन के फैसलों में अपनी इच्छाएं थोपने के बजाय बच्चों की रुचि व क्षमता को महत्व दे।

​समाज के भविष्य पर चर्चा करते हुए श्री पाण्डेय ने आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज में ज्ञान और शिक्षा की समृद्ध परंपरा रही है, लेकिन अब समय की मांग है कि समाज आर्थिक मोर्चे पर भी मजबूत बने। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि कौशल विकास योजनाओं और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का लाभ उठाकर व्यापार, उद्योग और स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाएं।

​मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि रायपुर में समाज के किसी भी व्यक्ति को कभी भी किसी प्रकार की आवश्यकता हो, तो वे मुझे अपना भाई समझें, मैं हर परिस्थिति में सहयोग के लिए तत्पर रहूँगा। इस दौरान श्री पाण्डेय ने विप्र भवन के लिए भूमि दान करने वाले देवेन्द्र पाण्डेय के समर्पण की भी सराहना की और सफल आयोजन के लिए समाज को बधाई दी।

​मंच संचालन सी.के. शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में परशुराम ब्राह्मण समाज कोरबा के अध्यक्ष बी.के. शुक्ला, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय, मनोज कुमार शर्मा, हरीश परसाई, एसईसीएल जीएम श्री द्विवेदी, डीईओ टी.पी. उपाध्याय, वेद भूषण द्विवेदी सहित महिला विंग से अध्यक्ष श्रीमती सावित्री शुक्ला, संरक्षक श्रीमती कल्पना पाण्डेय, महासचिव श्रीमती भारती पाण्डेय, चंद्रलेखा पाण्डेय, पूर्णिमा तिवारी, शोभना परसाई, ज्योति शर्मा एवं आँचल शर्मा सहित अनेक गणमान्यजनों का विशेष योगदान रहा।

Back to top button