सारंगढ़

सेवा भारती की पहल, सारंगढ़ मुक्तिधाम का बदला स्वरूप…

 

सारंगढ़। सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को साकार करते हुए सेवा भारती सारंगढ़ के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मुक्तिधाम में जीर्णोद्धार एवं व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर सराहनीय पहल की। लंबे समय से बदहाल मुक्तिधाम की व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं ने श्रमदान और जनसहयोग के माध्यम से टूटे हुए शवदाह स्थल के खंभों को हटाकर उनकी जगह नए एवं मजबूत खंभे लगवाए।

मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान क्षतिग्रस्त खंभों के कारण परिजनों एवं नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर व्यवस्था सुधारने का बीड़ा उठाया और खंभों को बदलवाकर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।

जीर्णोद्धार कार्य के साथ ही मुक्तिधाम परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने झाड़ियों, घास-फूस एवं जगह-जगह जमा कचरे की सफाई कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया। इस सेवा कार्य के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि मुक्तिधाम समाज का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थल है, जहां स्वच्छता, सुव्यवस्था और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सेवा भारती की इस पहल की नगरवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाजहित में अनुकरणीय कार्य बताया। अभियान में सेवा भारती सारंगढ़ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे।

Back to top button