सारंगढ़

अब सारंगढ़ में पीएम आवास हितग्राही खुद करेंगे घर का जियो-टैग, किस्त के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार…

 

सारंगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। अब हितग्राही अपने निर्माणाधीन आवास की प्रगति का जियो-टैग स्वयं कर सकेंगे। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आवास प्लस मोबाइल ऐप में ‘हितग्राही लॉगिन’ सुविधा उपलब्ध कराई है, जिसके माध्यम से आवास निर्माण की निर्धारित अवस्थाओं की फोटो लेकर सेल्फ जियो-टैगिंग की जा सकेगी। इससे हितग्राहियों को आगामी किस्त की मांग के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में सहूलियत मिलेगी और आवास निर्माण की प्रगति दर्ज कराने के लिए मैदानी अमले पर निर्भरता भी कम होगी।

राज्य शासन के निर्देशानुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में इस नई सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के निर्देशन में हितग्राहियों को मोबाइल ऐप के उपयोग संबंधी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम-जनमन एवं विशेष परियोजनाओं के अंतर्गत पात्र आवास हितग्राही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

नई व्यवस्था से आवास निर्माण के अलग-अलग चरणों की तस्वीरें हितग्राही स्वयं अपलोड कर जियो-टैगिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे निर्माण कार्य की प्रगति दर्ज कराने में होने वाले अनावश्यक विलंब, तकनीकी परेशानियों और जियो-टैगिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है। हितग्राहियों को अब अपने आवास की स्थिति दर्ज कराने के लिए हर बार मैदानी अमले का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बढ़ सकती है।

संचालनालय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, नवा रायपुर द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के पालन में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने सभी जनपद पंचायतों के संबंधित अधिकारियों, तकनीकी अमले तथा ग्राम रोजगार सहायकों को हितग्राहियों के उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम स्तर तक सेल्फ जियो-टैगिंग सुविधा की जानकारी पहुंचाने, मोबाइल ऐप के उपयोग के संबंध में हितग्राहियों को जागरूक करने तथा जरूरत पड़ने पर तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी आवास हितग्राहियों से अपील की है कि वे नई सुविधा का लाभ उठाकर अपने आवास निर्माण की प्रगति स्वयं दर्ज करें। मोबाइल ऐप के उपयोग अथवा सेल्फ जियो-टैगिंग में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर संबंधित ग्राम रोजगार सहायक या जनपद पंचायत से मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। नई डिजिटल व्यवस्था से प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को अधिक सरल, पारदर्शी और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

Back to top button