बिलाईगढ़ में विकास की दावेदारी, रामनारायण देवांगन फिर मैदान में…

बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। भाजपा जिला मंत्री एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामनारायण देवांगन ने अध्यक्ष पद के लिए पार्टी से अपनी दावेदारी पेश की है। करीब तीन दशक के संगठनात्मक अनुभव, नगर पंचायत के पूर्व कार्यकाल में विकास कार्यों की पहल और शासन स्तर पर करोड़ों रुपये की योजनाओं के लिए किए गए प्रयासों को वे अपनी दावेदारी का प्रमुख आधार बता रहे हैं।
वर्ष 1999 में छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में राजनीति की शुरुआत करने वाले रामनारायण देवांगन ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से संगठनात्मक सफर शुरू किया। इसके बाद युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री युवा मोर्चा, जिला महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाते हुए वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री के रूप में सक्रिय हैं। वर्ष 2014 से 2019 तक वे निर्विरोध पार्षद एवं नगर पंचायत कार्यवाहक अध्यक्ष रहे, जबकि मार्च 2024 से 5 जनवरी 2025 तक नगर पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
पार्टी के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता और संगठनात्मक निष्ठा उनकी राजनीतिक यात्रा का अहम पक्ष रही है। वर्ष 2009 में उन्होंने अपनी भाभी श्रीमती गीता देवी देवांगन के लिए अध्यक्ष पद की दावेदारी की थी। इसके बाद 2014 और 2020 में स्वयं अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी रखी, लेकिन उन्हें अधिकृत प्रत्याशी बनने का अवसर नहीं मिला। बावजूद इसके उन्होंने संगठन से दूरी नहीं बनाई और लगातार पार्टी की जिम्मेदारियां निभाते रहे। वर्ष 2025 में भाजपा ने उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी बनाया। चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी दामोदर दुबे से मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और वे दूसरे स्थान पर रहे। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, दामोदर दुबे के लगातार चुनावी प्रयासों और पांचवें चुनाव को अंतिम चुनाव बताकर मतदाताओं के बीच बने सहानुभूति माहौल ने उनकी जीत में भूमिका निभाई। अब उपचुनाव की सुगबुगाहट के बीच देवांगन की दावेदारी फिर चर्चा में है।
नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में अपने सीमित कार्यकाल में उन्होंने कई निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को आगे बढ़ाने की पहल की। वार्ड क्रमांक 7 में खेल उद्यान, वार्ड क्रमांक 6 में सामुदायिक भवन, भव्य अटल परिसर, गौरव पथ निर्माण की शुरुआत, टिकरीपारा तालाब का सौंदर्यीकरण, मां समलाई मंदिर गार्डन का विकास, देवांगन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण, मुक्तिधाम में सीसी रोड तथा विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहे। उनके कार्यकाल में लगभग पांच करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए गए।
चुनाव में पराजय के बाद भी बिलाईगढ़ के विकास से जुड़े प्रस्तावों और योजनाओं को शासन स्तर पर आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रखने की बात उनकी दावेदारी के साथ सामने आ रही है। गौरव पथ निर्माण के भाग-3 में दिनेश शर्मा के घर से राजू अग्रवाल के घर तक सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 21 लाख 64 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसका कार्य निविदा प्रक्रिया में है। नगर की नाली एवं जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित करने एसटीपी योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 64 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं जल आवर्धन योजना के संचालन एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ समन्वय एवं प्रयासों से 1 करोड़ 76 लाख 32 हजार रुपये की स्वीकृति प्राप्त होने और निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने की जानकारी है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से नगर की पेयजल आपूर्ति एवं जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। देवांगन का लक्ष्य नगर के प्रत्येक घर तक नियमित रूप से तीनों समय पेयजल उपलब्ध कराने का है।
ऐतिहासिक राजशाही दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बिलाईगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए की गई पांच घोषणाएं भी उनकी दावेदारी के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इनमें बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक लगभग 3 करोड़ रुपये का गौरव पथ, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम के लिए 1 करोड़ रुपये, मां समलाई माता मंदिर में डोम शेड के लिए 30 लाख रुपये, राजमहल पहुंच मार्ग पर पुलिया निर्माण तथा बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर न्यायालय की स्थापना शामिल है। इन मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने में राजपरिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं रामनारायण देवांगन द्वारा मांग पत्र तैयार कर पूर्व विधायक सनम जांगड़े के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखने की बात भी सामने आई है।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके संगठनात्मक संपर्कों को भी दावेदारी की मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के साथ उनके राजनीतिक एवं संगठनात्मक संपर्कों का उल्लेख समर्थकों द्वारा किया जा रहा है।
बिलाईगढ़ के विकास, नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आने वाली पीढ़ियों के लिए व्यवस्थित नगर निर्माण और किसानों की समस्याओं के समाधान को अपना लक्ष्य बताते हुए रामनारायण देवांगन ने भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है। अब उपचुनाव में पार्टी किसे अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाती है, इस पर नगर की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।