जितेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में यातायात पुलिस की सख्ती, दो दिन में 85 चालान से वसूले ₹43 हजार…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन और मार्गदर्शन में जारी इस अभियान के तहत महज दो दिनों में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 85 प्रकरण दर्ज कर कुल 43 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष नजर रखी जा रही है।
यातायात पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 नवंबर 2026 को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 55 चालान प्रकरण बनाए गए, जिनसे 29 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। वहीं 18 नवंबर 2026 को 30 प्रकरणों में 13 हजार 800 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इनमें तीन सवारी के 13, नो पार्किंग के 9 और बिना हेलमेट के 7 चालान शामिल रहे। इस प्रकार दो दिनों में कुल 85 प्रकरणों के माध्यम से 43 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना भी है। तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, गलत तरीके से पार्किंग और मोबाइल फोन का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और अन्य प्रमुख स्थानों पर वाहन जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट का उपयोग करे। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। इसके अलावा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें और अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच एवं चालानी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का संदेश है कि यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।