सारंगढ़

संजय भूषण पाण्डेय के प्रेरक उद्बोधन ने युवाओं में भरा जोश, बेटियों को दिया सफलता का मंत्र…

सारंगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से संबद्ध शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सारंगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई (आईएएस) एवं जिला पंचायत अध्यक्ष तथा प्रदेश अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ श्री संजय भूषण पाण्डेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान नशामुक्ति, टीबी जागरूकता, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, स्वच्छता एवं सामाजिक जनजागरण को लेकर एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाया और विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर श्रमदान किया। समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणजनों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाएं खुलकर रखने का अवसर दिया। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों ने आईएएस बनने की इच्छा व्यक्त करते हुए मार्गदर्शन मांगा। कलेक्टर ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पण, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय का प्रेरणादायक उद्बोधन विद्यार्थियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने अपने विचारों से युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हुए कहा कि जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई की उपस्थिति विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अपनी योग्यता, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने वाली महिला अधिकारी यह संदेश देती हैं कि बेटियां भी हर क्षेत्र में सफलता के सर्वोच्च शिखर छू सकती हैं। अवसर, आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति हो तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच सहजता से संवाद करने और उनका मार्गदर्शन करने के लिए कलेक्टर के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

श्री पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली, ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण देते हुए कहा कि सफलता के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती। 76 वर्ष की आयु में भी प्रधानमंत्री जिस सक्रियता और समर्पण के साथ देश का नेतृत्व कर रहे हैं, वह युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने यूपीआई, स्वच्छ भारत अभियान और जल जीवन मिशन जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और योजनाबद्ध प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं।

विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि व्यक्ति क्या बनना चाहता है, यह सबसे पहले उसकी सोच तय करती है। जिस दिन वह अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर होकर ईमानदारी, सच्चाई और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना शुरू करता है, उसी दिन उसकी सफलता की यात्रा प्रारंभ हो जाती है। उन्होंने कहा कि जीवन में साधन और संसाधनों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और मेहनत है। विद्यार्थियों को केवल अपने भविष्य और व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का संकल्प भी लेना चाहिए। वास्तविक सफलता वही है, जिससे समाज को लाभ मिले और देश गौरवान्वित हो।

राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवाभाव विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में अपनी भागीदारी निभाना भी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति के लिए स्वयंसेवकों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।

श्री पाण्डेय ने शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोगी ग्रामीणजनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Back to top button