वार्ड-04 में दीपावली मिलन: संजय भूषण पाण्डेय ने दिया आत्मीयता और विकास का संदेश…

सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 04 में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में रायगढ़ जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि श्री उमेश अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वार्ड के नागरिकों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 04 के प्रभारी श्री संजय भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक वार्ड के नागरिकों से आत्मीय संबंध स्थापित करना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझना भी है। इसी उद्देश्य से पार्टी द्वारा विभिन्न वार्डों में ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद एवं जुड़ाव बना रहे।
श्री पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और नगरीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में नगर पालिका चुनाव प्रभारी श्री स्वप्निल स्वर्णकार, जिला भाजपा महामंत्री श्री अमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री निखिल बानी, मंडल महामंत्री श्री राजा गुप्ता एवं श्री रमेश तिवारी, पार्षद श्री मयुरेश केसरवानी, श्रीमती संगीता ठाकुर, समाजसेवी श्री अजय अग्रवाल, श्री महेंद्र अग्रवाल, श्री हरिनाथ खुटे, पूर्व पार्षद श्री समीर ठाकुर, श्री संगीत ठाकुर एवं श्री वीरेंद्र निराला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में चिंगरीपाली मोहल्ले से मुन्ना गौटिया, नरेश, छोटू सहित कुशल नगर, सारथी मोहल्ला, देवांगन मोहल्ला एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। सभी ने उत्साहपूर्वक समारोह में सहभागिता निभाई।
दीपावली मिलन समारोह ने वार्ड में सामाजिक एकता, आपसी विश्वास और संगठनात्मक आत्मीयता को मजबूत करने का संदेश दिया। हर्षोल्लास, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन में वार्डवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण रही।