सारंगढ़

सड़क पर तड़पकर मरा बंदर, घंटों पड़ा रहा शव; इंसानियत दिखाने आगे आए ग्रामीण…

 

सारंगढ़। बरमकेला थाना क्षेत्र के कनकीडीपा–खींचरी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बंदर की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बंदर को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृत बंदर का शव घंटों तक सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा रहा। इस दौरान किसी जिम्मेदार विभाग की ओर से शव को हटाने या उसके सम्मानजनक निस्तारण की पहल नहीं की गई। आखिरकार ग्राम बुदेली निवासी चमरा चौहान और स्थानीय ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए आगे आकर बंदर के शव को सड़क से हटाया।

इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कनकीडीपा–खींचरी मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे इंसानों के साथ-साथ बेजुबान वन्यजीव भी दुर्घटनाओं का शिकार बन रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि इस मार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में मृत वन्यजीवों के शवों का तत्काल और सम्मानजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एक बेजुबान की मौत के बाद जहां व्यवस्था की संवेदनहीनता नजर आई, वहीं चमरा चौहान और ग्रामीणों की पहल ने यह साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है। सवाल यह है कि आखिर वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्रति संवेदना दिखाने की जिम्मेदारी कब निभाई जाएगी?

Back to top button