भाजपा की गुटबाजी की आंच मीडिया तक! पत्रकारों में नाराजगी, प्रेसवार्ता पर उठे सवाल…

सारंगढ़। भाजपा में आपसी खींचतान और गुटबाजी का असर अब मीडिया के साथ पार्टी के संवाद पर भी दिखाई देने लगा है। जिले में आयोजित हो रही प्रेसवार्ताओं में सभी पत्रकारों को समान रूप से सूचना नहीं दिए जाने की चर्चा ने राजनीतिक और मीडिया गलियारों में सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि चुनिंदा पत्रकारों को ही आमंत्रित कर प्रेसवार्ता आयोजित की जा रही है, जबकि अन्य पत्रकारों को इसकी जानकारी तक नहीं मिल पा रही है। ऐसे में प्रेसवार्ता की निष्पक्षता और व्यापकता पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि सीमित पत्रकारों की मौजूदगी में आयोजित होने वाली इन प्रेसवार्ताओं को महज औपचारिकता के रूप में देखा जा रहा है। इस व्यवस्था को लेकर पार्टी के कुछ नेताओं में भी नाराजगी सामने आ रही है। उनका मानना है कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और किसी भी राजनीतिक दल के विचार, नीतियों एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव या चयनात्मक आमंत्रण पार्टी की छवि के लिए उचित नहीं है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए मीडिया से बेहतर तालमेल बनाना भाजपा के लिए बेहद जरूरी है। चुनाव के दौरान पार्टी की गतिविधियों, उपलब्धियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। लेकिन यदि पार्टी के भीतर ही समन्वय का अभाव बना रहा और पत्रकारों को लेकर असमान व्यवहार होता रहा, तो इसका असर पार्टी के जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों पर भी पड़ सकता है।
अब सवाल यह है कि क्या भाजपा संगठन इस व्यवस्था में सुधार कर सभी पत्रकारों को समान महत्व देगा? क्या प्रेसवार्ताओं को सीमित दायरे से बाहर निकालकर पारदर्शी और व्यापक बनाया जाएगा? फिलहाल यह मामला राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना हुआ है। समय रहते संवाद और समन्वय नहीं सुधरा तो भाजपा को इसका खामियाजा चुनावी माहौल में भी भुगतना पड़ सकता है।