सारंगढ़

जनजातीय गौरव दिवस पर वीर बिरसा मुंडा को किया नमन…

 

सारंगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके अद्वितीय योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए जनजातीय वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर शंकर सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनजातीय समाज के प्रमुख एवं पदाधिकारी तथा सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय गौरव दिवस पर दिए गए लाइव उद्बोधन का भी प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उसके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के नायक ही नहीं, बल्कि देश की आजादी के संघर्ष के महान क्रांतिकारी थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों की चेतना जगाई। उनका जीवन संघर्ष, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। वर्ष 2026 में उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़े का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम का समापन जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

Back to top button