नहर में गोवंशों को फेंकने पर ममता सिंह सख्त, FIR की मांग…

सारंगढ़। रायगढ़ रोड स्थित नहर में 8 गोवंशों को रस्सी से बांधकर फेंकने की अमानवीय घटना को लेकर जनपद पंचायत सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर और मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह ने 2 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 123/2026 के माध्यम से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पशु चिकित्सा अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि 1 नवंबर 2026 को देशबंधु समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार रायगढ़ रोड स्थित नहर के पास 8 गोवंशों को रस्सी से बांधकर नहर में फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की पदाधिकारी हेमन्ती भारती, जिला अध्यक्ष नत्थूलाल अग्रवाल तथा गौ-रक्षकों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया। उनके प्रयासों से 7 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक गोवंश की मृत्यु हो गई।
श्रीमती सिंह ने अपने पत्र में इस घटना को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 एवं गोवंश संरक्षण से संबंधित कानूनों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ऐसे अमानवीय कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। घटना में संबंधित विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जनपद अध्यक्ष की इस पहल से गोवंशों के साथ हुई क्रूरता के मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस गंभीर मामले में कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करते हैं।