खेलभाठा में राज्योत्सव की धूम, विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र…

सारंगढ़। जिला मुख्यालय स्थित खेलभाठा मैदान में एकदिवसीय जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राज्योत्सव के आयोजन में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिल रही है। मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल पर बिहान योजना से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इससे महिला समूहों को अपने हुनर और उत्पादों के प्रदर्शन के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी मिल रहा है।
राज्योत्सव स्थल पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), रेशम, आदिवासी विकास, शिक्षा, वन, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं आयुष, खाद्य, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के जरिए विभागीय योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
सांसद राधेश्याम राठिया करेंगे शुभारंभ
जिला स्तरीय राज्योत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा एवं ओपी चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
लोक संस्कृति और शास्त्रीय नृत्यों की दिखेगी रंगारंग छटा
राज्योत्सव के अवसर पर शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक कला की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी। सुवा नृत्य, पंथी, राउत नाचा और कर्मा जैसी लोकनृत्य प्रस्तुतियों के साथ कथक, ओडिशी एवं भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुतियां भी होंगी।
राज्योत्सव का यह आयोजन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, लोककला और विकास की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बन रहा है। खेलभाठा मैदान में विभागीय प्रदर्शनी, महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।