सारंगढ़

आवास निर्माण में लापरवाही पर सख्ती, दिसंबर तक पूरा करें काम : सीईओ तिवारी…

 

सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने ग्राम पंचायत कुधरी एवं बरभांठा (अ) पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित मैदानी अमले को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर आवास शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार दोनों ग्राम पंचायतों में कुल 372 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 214 आवास पूर्ण तथा 156 आवास अपूर्ण दर्ज हैं। ग्राम पंचायत बरभांठा (अ) में प्रधानमंत्री आवास योजना के 176 एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के 28 सहित कुल 204 आवास स्वीकृत हैं। इनमें 91 पूर्ण और 112 अपूर्ण हैं। वहीं ग्राम पंचायत कुधरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के 153 एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के 15 सहित कुल 168 आवास स्वीकृत हैं। इनमें 123 आवास पूर्ण और 44 अपूर्ण बताए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान सीईओ तिवारी ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को दिसंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार आवास निरस्तीकरण एवं प्रदत्त राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

सीईओ ने किस्त जारी करने, एफटीओ जनरेट करने, नॉमिनी परिवर्तन, जियो टैगिंग, जॉब कार्ड मैपिंग एवं ई-केवाईसी से संबंधित लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया, ताकि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से आवास निर्माण प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्त एवं आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर सीईओ ने बताया कि आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत जिले में 12,210 नवीन आवासों के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वीकृति संबंधी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने अपूर्ण आवासों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि जरूरतमंद नए हितग्राहियों को भी योजना का लाभ समय पर मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की आवास शाखा के अधिकारी, जनपद पंचायत के सीईओ एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

Back to top button