सोलापुर में बंधक 40 श्रमिकों को कलेक्टर ने कराया मुक्त, सकुशल घर लौटे मजदूर…

सारंगढ़। महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ना कटाई के नाम पर बंधक बनाकर रखे गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुक्त कराकर सकुशल उनके घर पहुंचाया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की संवेदनशीलता और त्वरित पहल से श्रमिकों एवं उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर गांव के एक श्रमिक ने जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गन्ना कटाई के काम के नाम पर श्रमिकों को महाराष्ट्र के सोलापुर ले जाया गया, जहां उनसे सुबह से लेकर रात 9 बजे तक कठिन परिस्थितियों में काम कराया जाता था। इसके बावजूद उन्हें मेहनताना नहीं दिया जा रहा था। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना भी की जाती थी। श्रमिकों को बंधक जैसी परिस्थितियों में रखा गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंची। वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल थे। प्रशासन की पहल से सभी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की गई।
इस कार्रवाई ने दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और उनके शोषण का गंभीर मुद्दा भी सामने ला दिया है। जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि वे अनजान ठेकेदारों के झांसे में आकर दूसरे राज्यों में काम करने न जाएं। रोजगार के लिए बाहर जाने से पहले श्रम विभाग में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं तथा काम, मजदूरी और ठेकेदार से संबंधित पूरी जानकारी सुनिश्चित करें।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन श्रमिकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर है। संकट में फंसे 40 श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का सराहनीय उदाहरण है।