सारंगढ़ में बिहान योजना की समीक्षा, महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर…

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को गति देने के लिए जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने की। इसमें सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ विकासखंड के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने तीनों विकासखंडों में बिहान योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मैदानी स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीण परिवारों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और समूह के सभी सदस्यों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
सीईओ तिवारी ने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली वित्तीय सहायता की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने चक्रीय निधि (आरएफ), सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) तथा बैंक लिंकेज से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध होने से उनकी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
बैठक में ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि को प्राथमिकता देते हुए आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक महिला समूहों को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी प्रगति पर नियमित निगरानी रखने और कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।
बैठक में जिला एनआरएलएम प्रभारी संजू पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव सिंह, विकासखंड परियोजना प्रबंधक संदीप तंबोली सहित तीनों विकासखंडों के बिहान शाखा प्रभारी, समस्त पीआरपी, एडीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।