सारंगढ़ में धूमधाम से मनी महर्षि कश्यप जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा…

सारंगढ़। केशरवानी समाज द्वारा आराध्य महर्षि कश्यप मुनि महाराज की जयंती के अवसर पर चार दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में समाज के महिला, पुरुष, युवाओं एवं वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को केशरवानी भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं महिला संगीत का आयोजन किया गया। इसमें समाज की महिलाओं एवं बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
वहीं 18 नवंबर को महर्षि कश्यप मुनि महाराज की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाहर से आमंत्रित ढोल-ताशा दल और डीजे की गूंज के बीच शोभायात्रा केशरवानी भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः केशरवानी भवन पहुंची। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आराध्य महर्षि कश्यप मुनि महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट की।
शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत कर स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। वहीं अग्रवाल समाज ने भी भव्य स्वागत कर सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर केशरवानी समाज के अध्यक्ष निखिल बानी का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। चार दिवसीय आयोजन के समापन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समाज के अध्यक्ष निखिल बानी ने आयोजन की सफलता पर राष्ट्रीय, प्रदेश एवं नगर पदाधिकारियों, महिला मंडल, तरुण समिति तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, सहयोग और समर्पण से ही इतना भव्य एवं सफल आयोजन संभव हो पाया। महर्षि कश्यप मुनि महाराज की जयंती का यह आयोजन समाज में एकता, संगठन और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रेरणादायी अवसर बना।