सारंगढ़

सारंगढ़ में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश, भाषण प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दम…

 

सारंगढ़। मेरा युवा भारत, सारंगढ़ के तत्वावधान में शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय, सारंगढ़ में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतीश यादव शामिल हुए। प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के भविष्य पर इसके पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने तर्कों और उदाहरणों के माध्यम से बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और देश के विकास में भी बाधा बनता है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर श्रीराम महिला महाविद्यालय की अन्नपूर्णा ताड़िया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय बिलाईगढ़ के व्यासनारायण महिलांगे द्वितीय तथा भटगांव के पुष्पेंद्र चंद्रा तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों सहित अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में लगाएं, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है।

इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

Back to top button