सारंगढ़ में कर्मचारी फेडरेशन की हुंकार, निकाली आक्रोश रैली…

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन का सम्मानजनक निराकरण करने, आंदोलन के दौरान पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने तथा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान दंडात्मक कार्रवाई के बजाय आपसी संवाद और सकारात्मक बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। फेडरेशन ने आंदोलनरत पटवारियों के विरुद्ध की जा रही दंडात्मक कार्रवाइयों को निरस्त करने की मांग की है।
वहीं, फेडरेशन ने प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर का लाभ दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारी अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में महंगाई भत्ता कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए आर्थिक राहत का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रदेश के समस्त शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान देय तिथि से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का लाभ एरियर्स सहित प्रदान किया जाना चाहिए।
फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने शासन से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण करने की अपील की है।
इस अवसर पर जिला संयोजक फकीरा यादव, जिला प्रभारी संरक्षक लैलून कुमार भारद्वाज, जिला उप संयोजक योगेश चंद्रा, जिला महासचिव दीपक तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष लोकेंद्र नाथ पटेल, जिला सचिव रविशंकर तिवारी, जिला संगठन मंत्री नंद कुमार बंजारे, जिला सहसचिव अनिल चौहान, ब्लॉक संयोजक नंद किशोर पटेल, भागवत साहू, दीपेश जायसवाल, तहसील संयोजक विमल अजगल्ले, सुभाष चौहान सहित पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, विनोद भूपेंद्र मनहर, सोनिया सारथी, ऊषा बंजारे, राघवेंद्र जलतारे एवं फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।