बरमकेला में ब्रह्मयज्ञ की धूम, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़…

बरमकेला। विकासखंड बरमकेला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित विश्व शांति ब्रह्मयज्ञ महिमा बाललीला में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर संत दर्शन, सत्संग, भजन-कीर्तन और प्रवचनों का लाभ ले रहे हैं। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
विश्व शांति ब्रह्मयज्ञ महिमा का आयोजन ब्रह्मावधूत तुलाराम बाबा, करुण बाबा, वीरेंद्र कुमार बाबा, नेपाल बाबा एवं अमृतानंद बाबा के सानिध्य में किया जा रहा है। संतों के दर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 19 नवंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ हुआ। इस दौरान दिव्य मंगलमयी कलश यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात धूनी स्थापना, अखंड दीप प्रज्वलन एवं भवन लोकार्पण जैसे धार्मिक एवं मांगलिक कार्यक्रम संपन्न हुए। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं के साथ विभिन्न भजन मंडलियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
आयोजन के दूसरे दिन 20 नवंबर को सत्संग एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें संतों के आध्यात्मिक विचारों को सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं 21 नवंबर को प्रसाद अर्पण, आशीर्वचन एवं पूर्णाहुति के पश्चात महाप्रसाद वितरण एवं सेवन के साथ तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन होगा।
विश्व शांति एवं आध्यात्मिक चेतना के संदेश के साथ आयोजित इस ब्रह्मयज्ञ में श्रद्धालुओं की बढ़ती सहभागिता से बरमकेला क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह धर्ममय बना हुआ है।