एसपी सुनील शर्मा की सख्ती से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप, सरसींवा पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा…

सरसींवा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरसींवा पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन करने वाले दो आरोपियों सहित बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 35 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं एसडीओपी दीपिका मिंज के निर्देशन में सरसींवा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 19 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में हरे रंग की बोरी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर गाडापाली से तेंदूभाठा की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
इस दौरान मोटरसाइकिल सवार संजय रात्रे एवं बृज कुर्रे को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हरे रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 100 पाउच बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक में लगभग 180 एमएल शराब भरी हुई थी। कुल 18 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,600 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये है, जब्त की गई। इस प्रकार कुल 18,600 रुपये की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
वहीं, 20 नवंबर 2026 को सरसींवा पुलिस को ग्राम घरजरा में एक महिला द्वारा अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब रखने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपिया राधाबाई साहू के कब्जे से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 85 पाउच बरामद किए गए। प्रत्येक पाउच में लगभग 200 एमएल शराब थी। कुल 17 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,400 रुपये आंकी गई, जब्त कर महिला को गिरफ्तार किया गया।
सरसींवा पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों से अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों संजय रात्रे पिता समारू रात्रे (33 वर्ष), बृज कुर्रे पिता मनीराम कुर्रे (33 वर्ष), दोनों निवासी तेंदूभाठा तथा राधाबाई साहू पति चैतराम साहू (51 वर्ष), निवासी घरजरा, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसपी सुनील शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। सरसींवा पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।