बालपुर स्कूल में सजा आनंद मेला, बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल…

सारंगढ़। बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में बाल दिवस के अवसर पर उत्साह और उमंग के साथ आनंद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं विधायक चंद्रदेव राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक चंद्रदेव राय ने विद्यार्थियों को पंडित नेहरू के विचारों, उनके आदर्शों और बच्चों के प्रति उनके स्नेह से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए तथा शिक्षा के साथ-साथ अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
आनंद मेले में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वयं तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। मुख्य अतिथि चंद्रदेव राय ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद लेकर उनकी मेहनत, लगन एवं रचनात्मक सोच की जमकर सराहना की। मेले में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने बच्चों को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और व्यवहारिक ज्ञान को भी बढ़ावा दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गेंद राम जांगड़े, पूर्व प्राचार्य योगेन्द्र बरिहा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य उपस्थित रहे।