सारंगढ़

किसानों का फूल-माला से स्वागत, कलेक्टर ने पूजा-अर्चना कर शुरू कराई धान खरीदी…

सारंगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज हो गया है। इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी के धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कांटा-बांट और धान की ढेरी की पूजा कर किसानों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

धान बेचने के लिए केंद्र पहुंचे किसानों का कलेक्टर ने पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने किसानों को धान खरीदी सीजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की समर्थन मूल्य योजना का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचना चाहिए। किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

खरीदी शुरू होने के साथ ही कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों से बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, छाया, तौल मशीनों की स्थिति तथा नमी मापक यंत्रों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार और परेशानियों का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि छोटे एवं वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के साथ धान खरीदी का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, गड़बड़ी अथवा बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति हरिहर जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी विनय कुजूर, सहायक आयुक्त सहकारिता कामेश सिंह कश्यप, जिला विपणन अधिकारी गुलाब सिंह राठौड़ सहित समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कलेक्टर के हाथों विधिवत शुभारंभ के साथ जिले में धान खरीदी का नया सीजन शुरू हुआ और किसानों में उत्साह देखने को मिला।

Back to top button