सलिहाघाट स्कूल में बाल दिवस की धूम, प्रतियोगिताओं में दिखी छात्राओं की प्रतिभा…

सारंगढ़। शासकीय हाई स्कूल सलिहाघाट में शुक्रवार को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक के.एल. चंद्रा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन हमें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। वहीं प्राचार्य रेखा देवांगन ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और मेहनत का महत्व बताते हुए कहा कि अनुशासन, शिक्षा और परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बाल दिवस के अवसर पर छात्राओं के लिए मेहंदी, रंगोली एवं हस्तकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों और सुंदर मेहंदी डिजाइनों ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एसएमडीसी की ओर से सभी विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप पेन वितरित किए गए। इससे बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल रहा। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें शिक्षा और संस्कारों के प्रति प्रेरित करने वाला साबित हुआ।