सारंगढ़

राममय हुआ पीकरी! संजय भूषण पांडेय का भव्य स्वागत, भजन से बांधा समां…

सारंगढ़। भक्ति की सरिता, रामनाम की गूंज और श्रद्धा का अद्भुत संगम… ग्राम पीकरी में आयोजित भव्य रामायण कार्यक्रम में ऐसा ही मनोरम दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय का ग्रामवासियों ने ऐतिहासिक उत्साह के साथ स्वागत किया। गाजे-बाजे की धुन, आतिशबाजी की गूंज और आसमान से बरसते फूलों के बीच उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया। स्वागत के इस भव्य नजारे ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में देर रात तक ग्रामीणों की भारी उपस्थिति बनी रही और पूरा वातावरण राममय नजर आया।

इस धार्मिक आयोजन में जिला पंचायत सभापति डॉ. हरिहर जायसवाल, छाया विधायक श्रीमती शिव कुमारी चौहान, पूर्व सरपंच साल्हे के बरत राम साहू, भाजपा नेता भारत जटवार, मुकेश साहू, जनपद सदस्य दिलीप साहू, ग्राम सरपंच ओमप्रकाश जायसवाल सहित रामायण समिति के समस्त सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने रामायण की महत्ता और भारतीय संस्कृति के मूल आदर्शों पर प्रभावशाली विचार रखे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “त्याग, तपस्या और बलिदान उसका नाम है हिंदुस्तान।” उन्होंने कहा कि रामायण केवल कथा या धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आदर्श दर्शन है। भगवान श्रीराम का चरित्र हमें सिखाता है कि जीवन में पद और प्रतिष्ठा से बढ़कर धर्म, मर्यादा, कर्तव्य और जनसेवा का महत्व है।

पांडेय ने कहा कि रामायण हमें त्याग, तपस्या, बलिदान और जनता के प्रति जवाबदेही का मार्ग दिखाती है। रामायण में कूटनीति नहीं, बल्कि धर्म का मार्ग है। हालांकि जब धर्म और मर्यादा के विरुद्ध ताकतें खड़ी होती हैं, तब उनका सामना किस प्रकार करना चाहिए, इसकी सीख भी रामायण देती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर ही एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

भजन की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम का सबसे यादगार पल उस समय आया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने स्वयं लोकप्रिय भजन “सीताराम, सीताराम, सीताराम कहिए” की प्रस्तुति दी। उनकी भजन प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु भी रामनाम की भक्ति में सराबोर नजर आए।

ग्राम पीकरी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती देने वाला साबित हुआ। ग्रामवासियों के उत्साह, समिति के समर्पण और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। रामायण के संदेश और रामनाम की गूंज के बीच देर रात तक पूरा गांव भक्तिरस में डूबा रहा।

Back to top button