सारंगढ़

संविधान के मूल्यों पर निष्ठा की शपथ, सारंगढ़ में कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को कराया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन…

सारंगढ़। भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने के उद्देश्य से 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट सभा कक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान एवं समर्पण की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल भावना को आत्मसात करने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। सामूहिक वाचन के दौरान सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समानता तथा नागरिकों के बीच बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को प्रमुखता से दोहराया गया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सुश्री वर्षा बंसल, शंकर लाल सिन्हा, विजय राणा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्पक्षता, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान को संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को प्रभावी हुआ। संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है।

संविधान दिवस का यह आयोजन केवल औपचारिक शपथ तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को जीवन में उतारने तथा प्रशासन और समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।

Back to top button