भाजपा जिलाध्यक्ष के फर्जी इस्तीफे से गरमाई सारंगढ़ की राजनीति, FIR दर्ज, पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में…

सारंगढ़। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल के नाम से कथित फर्जी त्यागपत्र तैयार कर न्यूज पोर्टल को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजने के मामले में सारंगढ़ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। सोशल मीडिया पर जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की खबर प्रसारित होने के बाद सामने आए इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। मामले ने जिले की राजनीतिक गतिविधियों के बीच फर्जी दस्तावेज और नाम के दुरुपयोग को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 0640/26, दिनांक 26 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 338, 336(2) एवं 340(2) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। शिकायतकर्ता निखिल जायसवाल, निवासी ग्राम खोखसीपाली, थाना केडार, नवंबर 2025 से जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़-चांईद में अस्थायी कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के मुताबिक, 26 नवंबर को शाम करीब 5:30 बजे उन्हें जानकारी मिली कि भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल के पद से त्यागपत्र देने संबंधी पत्र सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टलों पर प्रसारित किया जा रहा है। SBN 24 न्यूज पोर्टल पर “BIG BREAKING – त्यागपत्र, सारंगढ़-बिलाईगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल ने पद से दिया त्यागपत्र” शीर्षक से खबर व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित की गई थी। इस खबर के साथ कथित त्यागपत्र पत्र भी सामने आया, जिसने जिले की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी।
जांच में शिकायत के आधार पर बताया गया कि उक्त पत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम का लेटरपैड इस्तेमाल किया गया था। कंप्यूटर से तैयार पत्र में कथित तौर पर कूटरचित सामग्री और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग किया गया था। पत्र में क्रमांक, दिनांक 18 नवंबर 2026, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के नाम संबोधन तथा भाजपा जिला अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देने का विषय अंकित था। पत्र की भाषा और स्वरूप को वास्तविक दिखाने का प्रयास किए जाने का आरोप है।
मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि कथित फर्जी त्यागपत्र को केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित ही नहीं किया गया, बल्कि स्पीड पोस्ट के जरिए सीजी 24 न्यूज, रायपुर के पते पर भी भेजा गया था। लिफाफे पर प्रेषक के नाम के रूप में हाथ से “निखिल कुमार जायसवाल, मु. खोखसीपाली” लिखा हुआ था। पत्र स्पीड पोस्ट क्रमांक EC435329226IN के माध्यम से प्रेषित किया गया था। शिकायतकर्ता ने इस प्रेषण में अपने नाम का दुरुपयोग किए जाने की बात कही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर भाजपा की छवि धूमिल करने, जिलाध्यक्ष ज्योति लाल पटेल के पद एवं मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने तथा उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह कथित कूटरचित त्यागपत्र तैयार किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके नाम का इस्तेमाल कर पत्र भेजे जाने से उन्हें भी इस मामले में अनावश्यक रूप से संदेह के दायरे में लाने की कोशिश की गई।
घटना की जानकारी सबसे पहले जिला कार्यालय मंत्री चिंताराम साहू एवं पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को दी गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने थाना सारंगढ़ में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कथित फर्जी त्यागपत्र किसने तैयार किया, हस्ताक्षर किसने बनाए, पत्र भेजने में किसकी भूमिका रही और सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित करने के पीछे क्या उद्देश्य था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी अज्ञात है और पुलिस विवेचना के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।
फर्जी त्यागपत्र के जरिए राजनीतिक भ्रम फैलाने और किसी व्यक्ति की पहचान का दुरुपयोग करने के इस मामले में पुलिस जांच अब अहम मोड़ पर है।