सारंगढ़

बाल विवाह के खिलाफ दहिदा में जागा जनसैलाब, सारंगढ़ में 5 किमी रैली से गांव-गांव पहुंचा जागरूकता का संदेश…

सारंगढ़। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म करने और बेटियों के भविष्य को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम दहिदा में अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। शाप्रा शाला दहिदा के तत्वावधान में आयोजित जागरूकता रैली ने पूरे गांव में सामाजिक चेतना का संदेश फैलाया। इस अभियान में विद्यार्थियों से लेकर शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और महिला समूहों तक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। गांव की गलियों में गूंजते बाल विवाह विरोधी नारों और हाथों में प्रेरक तख्तियों के माध्यम से लोगों को इस कुप्रथा के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

 

प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के नेतृत्व में निकाली गई रैली ने करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए गांव के चार प्रमुख वार्डों का भ्रमण किया। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रैली में शामिल होकर घर-घर दस्तक दी और ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया। अभियान में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंध समिति के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा बिहान समूह की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। सरपंच सहसराम जांगड़े ने भी बाल विवाह के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

रैली के समापन पर आयोजित जनजागरूकता चौपाल अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव बनी, जहां एक हजार से अधिक ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ ली। लोगों ने संकल्प लिया कि वे न तो अपने बच्चों का बाल विवाह करेंगे और न ही किसी दूसरे के बाल विवाह समारोह में शामिल होकर इस कुप्रथा को बढ़ावा देंगे। ग्रामीणों का यह सामूहिक संकल्प गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत सामाजिक संदेश बनकर सामने आया।

 

इस जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर भी तत्काल देखने को मिला। संवाद और समझाइश के दौरान स्कूल छोड़ चुकी दो बालिकाओं के पुनः नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे उनके शिक्षा से जुड़ने की उम्मीद फिर जागी है। वहीं, ग्राम पंचायत और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांव में बाल विवाह की रोकथाम तथा सतत निगरानी के लिए निगरानी समिति गठित करने का निर्णय लिया। इससे बाल विवाह की संभावनाओं पर समय रहते नजर रखी जा सकेगी और जरूरत पड़ने पर परिवारों को समझाइश देकर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सकेगा।

 

प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि शिक्षा ही ऐसा सशक्त हथियार है, जो समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त कर सकता है। बेटियों को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर देना जरूरी है। दहिदा में आयोजित यह अभियान केवल जागरूकता रैली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामूहिक शपथ, स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ने और निगरानी समिति बनाने जैसे ठोस कदमों के साथ सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सार्थक पहल बनकर सामने आया।

 

दहिदा की इस पहल ने साफ संदेश दिया कि बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि जागरूक समाज, शिक्षा और सामूहिक जिम्मेदारी से जीती जा सकती है।

Back to top button