छत्तीसगढ़ में प्रेमी ने महिला की हत्या कर झाड़ियों में फेंका, इस हाल में मिली थी युवक के साथ, ऐसे खुला राज…

जांजगीर-चाम्पा के बलौदा क्षेत्र के पंतोरा पुलिस चौकी के अंगारखार गांव में प्रेम संबंधों के विवाद में प्रेमी ने ही महिला की बेरहमी से हत्या कर दी. गांव के 51 वर्षीय शिवचरण यादव ने महिला धनेश्वरी बाई की हत्या कर शव को गांव में ही झाड़ियों में छिपा दिया था.
वहीं पुलिस से बचने आरोपी शिवचरण यादव ने जहर खाकर कर खुदकुशी करने की कोशिश है, जिसका कोरबा के अस्पताल में इलाज चल रहा है. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर आगे की जांच कर रही है.
जानें क्या है हत्या के पीछे की वजह?
दरअसल, अंगारखार की महिला धनेश्वरी बाई का शिवचरण यादव के साथ प्रेम संबंध था. 22 नवंबर रविवार को शिवचरण यादव ने धनेश्वरी को दूसरे प्रेमी के साथ देख लिया था. इसके बाद दोनों के विवाद शुरू हो गया. विवाद के दौरान महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया था. फिर, इसके बाद शिवचरण यादव ने धनेश्वरी बाई की हत्या कर दी थी. उसके शव को पास के झाड़ियों में छिपा दिया था. 2 दिनों तक महिला के दिखाई नहीं देने पर परिजन और गांव के लोगों ने तलाश शुरू की और गांव में बैठक बुलाई. बैठक में शिवचरण से पूछताछ की गई, लेकिन उसने जानकारी होने से इनकार कर दिया. बाद में घर लौटकर उसने अपने बेटे दुर्गेश को बताया कि उससे गलती हो गई है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है.
आरोपी ने की जान देने की कोशिश
फिर शिवचरण यादव ने खेत में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद परिजन, गंभीर हालत में शिवचरण यादव को इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज अभी जारी है. यहां पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवचरण यादव ने हत्या और शव छिपाने की बात स्वीकार की है. उसकी निशानदेही पर पंतोरा चौकी पुलिस ने झाड़ियों से महिला का शव बरामद कर लिया है. वारदात की सूचना के बाद मौके पर FSL की टीम पहुंची थी. डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया था. इधर, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को शव सौंप दिया है. मामले में पुलिस द्वरा जांच की जा रही है.
एसपी विजय पांडेय ने कहा- प्रेम प्रसंग का मामला
मामले को लेकर एसपी विजय पांडेय ने बताया कि अंगारखार गांव के शिवचरण यादव और महिला धनेश्वरी बाई, दोनों के बीच प्रेम संबंध था. शिवचरण यादव ने महिला को एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में देख लिया था. यहां बहस हुई तो वहां से वह व्यक्ति चला गया, फिर शिवचरण और महिला के बीच विवाद होने पर उसने महिला की हत्या कर दी थी. बाद में शिवचरण यादव ने जहर सेवन कर लिया, जिसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा. उसकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ, हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को अस्पताल में पुलिस कस्टडी में रखा गया है और यह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का मामला है.
अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार होगा आरोपी
फिलहाल, महिला की हत्या कैसे हुई, यह पता नहीं चला है. पुलिस ने हत्या का जुर्म दर्ज किया है और पीएम रिपोर्ट का इंतजार है, इससे महिला की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा होगा. अभी शिवचरण यादव का इलाज कोरबा के अस्पताल में जारी है, जहां पुलिस बल तैनात किया गया है. SP का कहना है कि शिवचरण के ठीक होने के बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जाएगा.