सारंगढ़

सारंगढ़ में स्थापित होगा देवभोग दुग्ध संयंत्र, गौ-तस्करी पर 9 के खिलाफ FIR…

सारंगढ़ में स्थापित होगा देवभोग दुग्ध संयंत्र, गौ-तस्करी पर 9 के खिलाफ FIR..

सारंगढ़। जिले में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने पशुधन विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जिले में देवभोग दुग्ध संयंत्र स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि पशुपालन और डेयरी व्यवसाय ग्रामीणों की आय बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कलेक्टर ने देवभोग उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर सहित जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक विक्रय केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आगामी राज्योत्सव में देवभोग उत्पादों का स्टॉल लगाने को कहा, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकें और इनकी बिक्री को प्रोत्साहन मिले।

बैठक में गौवंशीय तस्करी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में उप संचालक महेंद्र पांडेय ने जानकारी दी कि पिछले चार महीनों में गौवंशीय तस्करी के मामलों में 9 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस पर कलेक्टर ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने और तस्करी में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

वहीं पशुधन विकास विभाग की योजनाओं की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। पशुधन योजनाओं, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और भारत पशुधन पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सभी कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में निराश्रित गौवंश के लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पशुधन विकास विभाग, मोबाइल वेटरनरी यूनिट, देवभोग संघ एवं नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button