सारंगढ़

बिलाईगढ़ के शिव प्रसाद ने पटना में लहराया परचम, मैराथन में चौथा स्थान…

बिलाईगढ़। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एसबीआई ग्रीन मैराथन सीजन-7 में छत्तीसगढ़ के बिलाईगढ़ निवासी शिव प्रसाद जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिता में उन्होंने चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति जुनून का परिचय दिया।

25 अक्टूबर 2026 को एसबीआई एवं रेडियो मिर्ची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन में देशभर से हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता की शुरुआत पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर-10 से हुई। निर्धारित मार्ग मरीन ड्राइव होते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण गंगा पथ तक था।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शिव प्रसाद जायसवाल ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। उम्र के इस पड़ाव पर उनकी उपलब्धि युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता की खबर से बिलाईगढ़ नगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

शिव प्रसाद जायसवाल की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवी मोहम्मद (जगदलपुर), कोच प्रह्लाद केवट, पीटीआई यशपाल यादव, यादव समाज बिलाईगढ़ परिक्षेत्र के अध्यक्ष धनेश यादव, गुलाब देवांगन, दिलेश साहू, पंचराम साहू, उत्तम देवांगन, सदबदन साहू, राकेश यादव, अमित राकेश, अर्जुन जायसवाल, नरेंद्र कुर्रे, झाड़ू राम बारले, अशोक साहू, आनंद साहू, मनोहर साहू एवं अमृत साहू सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि शिव प्रसाद जायसवाल आगे भी अपनी मेहनत और प्रदर्शन से बिलाईगढ़ सहित छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।

Back to top button