सड़क हादसे में झेरिया यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह यादव घायल, अस्पताल में भर्ती…

बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह यादव सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए वी केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उनके घायल होने की खबर मिलते ही समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। शनिवार को विभिन्न जिलों से समाज के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
इस संबंध में राजनीतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष तीरथ यादव, कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलाल यादव एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रराम यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भगत सिंह यादव के अचानक सड़क दुर्घटना में घायल होने की खबर से समाज के लोगों में चिंता व्याप्त है। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने और उनसे मुलाकात करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामाजिक पदाधिकारी वी केयर हॉस्पिटल पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी धनेश यादव भी उपस्थित रहेंगे।
भगत सिंह यादव झेरिया यादव समाज में अपनी लोकप्रियता, सक्रियता और सामाजिक योगदान के लिए जाने जाते हैं। उनके दुर्घटना में घायल होने की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों और शुभचिंतकों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेनी शुरू कर दी है। समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उनके चाहने वालों ने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौटने की कामना की है।