सारंगढ़ को रेल की सौगात कब? 310 किमी की परियोजना पर अब तक फैसला नहीं…

सारंगढ़। रायपुर से सारंगढ़ होते हुए झारसुगुड़ा तक प्रस्तावित 310 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को लेकर अब क्षेत्रवासियों की उम्मीदें और इंतजार दोनों बढ़ते जा रहे हैं। कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना को लेकर छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद जहां रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में पहल हुई है, वहीं रायपुर-सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल लाइन को लेकर अब तक ठोस निर्णय नहीं होने से लोगों में निराशा और सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरिडोर लिमिटेड के माध्यम से शत-प्रतिशत इक्विटी निवेश के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले को प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके बाद सारंगढ़ क्षेत्र के लोगों को भी उम्मीद जगी है कि रायपुर-सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल लाइन को लेकर शासन और रेलवे प्रशासन जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
प्रस्तावित रेल लाइन सारंगढ़ क्षेत्र के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की नई संभावनाओं का रास्ता भी बन सकती है। रेल सुविधा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर परिवहन विकल्प मिलेगा। साथ ही कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान और अन्य वस्तुओं के परिवहन में आसानी होगी। इससे व्यापार, उद्योग, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहा है। ऐसे में जब प्रदेश में दूसरी रेल परियोजनाओं को मंजूरी और आगे बढ़ाने की पहल हो रही है, तो रायपुर-सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल लाइन के सर्वेक्षण, स्वीकृति और निर्माण की दिशा में भी स्पष्ट पहल होनी चाहिए।
क्षेत्रवासियों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 310 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को लेकर शासन और रेलवे प्रशासन की अगली कार्ययोजना क्या है? क्या इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए जल्द सर्वेक्षण और स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी या सारंगढ़ क्षेत्र के लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा?
लोगों की मांग है कि शासन और रेलवे प्रशासन इस रेल लाइन की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करे तथा सर्वेक्षण, स्वीकृति और निर्माण से जुड़े प्रत्येक चरण की जानकारी सार्वजनिक करे। क्षेत्रवासियों का मानना है कि सारंगढ़ को रेल नेटवर्क से जोड़ना केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए जरूरी कदम है। अब देखना होगा कि रायपुर-सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल लाइन को लेकर वर्षों से देखे जा रहे सपने को हकीकत में बदलने के लिए ठोस पहल कब होती है।