रायगढ़

बंद गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान…कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने पाया काबू, 10-12 साल से बंद था गोदाम…

रायगढ़। जिले के पुसौर ब्लॉक अंतर्गत सुर्री गांव के पास गुरुवार सुबह एक बंद बारदाना गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम से उठते धुएं को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल विपणन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, हालांकि गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे पुराने बारदानों के कारण काफी देर तक धुआं उठता रहा।

जानकारी के अनुसार, गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि यह गोदाम पिछले 10 से 12 वर्षों से बंद पड़ा था। इसके भीतर पुराने और अनुपयोगी बारदाने बड़ी संख्या में रखे हुए थे। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को गोदाम का शटर तक तोड़ना पड़ा, जिसके बाद अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

रिकॉर्ड के मुताबिक, गोदाम में लाखों की संख्या में पुराने बारदाने रखे हुए थे। इनका बीमा भी कराया गया था। हालांकि आग की चपेट में आकर कितने बारदाने जलकर नष्ट हुए और शासन को कितने रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका वास्तविक आकलन फिलहाल नहीं हो पाया है। नुकसान की स्थिति का खुलासा जांच और आकलन के बाद ही हो सकेगा।

जिला विपणन अधिकारी जाह्वी जैन ने बताया कि गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन को तत्काल मौके पर भेजा गया था। गोदाम में करीब 12 साल पुराने अनुपयोगी बारदाने रखे हुए थे। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मामले में पुसौर थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच करेगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्षों से बंद पड़े गोदाम में आग आखिर कैसे लगी और इतनी बड़ी मात्रा में अनुपयोगी बारदाने वहां किस स्थिति में रखे हुए थे। जांच के बाद ही आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान की तस्वीर साफ हो पाएगी।

Back to top button