कांकेर

कृषि महाविद्यालय का प्रोफेसर गिरफ्तार! छात्रा को टेलीग्राम पर भेजा अश्लील वीडियो, प्रैक्टिकल में कम नंबर की देता था धमकी…

कांकेर। छात्रा को टेलीग्राम के जरिए अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में पुलिस ने कॉलेज के एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पीयूषकांत नेताम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा ने 27 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर ने 25 सितंबर 2026 को टेलीग्राम के माध्यम से उसे अश्लील वीडियो भेजा था। छात्रा का यह भी आरोप है कि प्रोफेसर पहले भी उससे अश्लील बातें करता था और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर दबाव बनाता था। इसके अलावा वीडियो भेजकर उसे मानसिक रूप से परेशान किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 75(3) एवं 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कांकेर स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर में मौजूद है। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर 28 अक्टूबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना ने शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र संबंधों की मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button