सारंगढ़

जनदर्शन में गूंजी जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश…

सारंगढ़। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने भी नागरिकों की समस्याओं को सुना। जनदर्शन में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, पेंशन, बिजली बिल और कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, ग्राम अमेठी निवासी एक वृद्ध महिला ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग रखी। ग्राम बलोदी निवासी सूरज जोल्हे ने पशुपालन से संबंधित योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अधिक बिजली बिल आने की शिकायत लेकर पहुंचे एक आवेदक ने भी अपनी समस्या के समाधान की मांग की।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत कंचनपुर-ब में एक शासकीय कर्मचारी द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत सामने आई। आवेदक ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, ग्राम झुमका के एक किसान ने सूखती धान की फसल को बचाने के लिए दर्री तालाब के पानी से एक दिन सिंचाई करने की अनुमति मांगी। किसान की मांग फसल को बचाने और संभावित नुकसान कम करने से जुड़ी थी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने तथा प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना और उनके निराकरण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ के एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button