सारंगढ़

सड़क हादसे में परिवार का सहारा छिना, तीन बच्चों के भविष्य पर संकट…

सारंगढ़। क्षेत्र के ग्वालिनडीह के पास रविवार, 25 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय उसत कुर्रे की मौत हो गई, जबकि कृष्णा कुर्रे घायल हो गए। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और तीन बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल मारुति ब्रेजा कार का पंजीयन नंबर CG13AZ 4488 बताया जा रहा है। दुर्घटना में उसत कुर्रे की जान चली गई, वहीं कृष्णा कुर्रे घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस दुर्घटना का सबसे दर्दनाक पहलू मृतक उसत कुर्रे के परिवार की स्थिति है। बताया जा रहा है कि वे अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी पत्नी लकवाग्रस्त हैं और तीन बच्चों के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। परिवार की आजीविका चलाने वाले उसत कुर्रे के असमय निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिस व्यक्ति की कमाई से परिवार का जीवन चल रहा था, उसके चले जाने से अब परिवार के सामने रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। एक ओर पत्नी की बीमारी, तो दूसरी ओर तीन बच्चों के पालन-पोषण की चुनौती परिवार के लिए बड़ी मुश्किल बन गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब इन बच्चों के भविष्य और असहाय परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? जरूरत है कि प्रशासन पीड़ित परिवार की स्थिति का संज्ञान लेकर नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल करे, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को सहारा मिल सके।

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। वहीं, उसत कुर्रे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठने और लकवाग्रस्त पत्नी के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा होने से यह दुर्घटना बेहद मार्मिक बन गई है।

Back to top button