सारंगढ़

तबादले के बाद ज्वाइनिंग नहीं, शासन ने 19 अफसरों को किया एकमुश्त भारमुक्त; उमेश साहू भी सूची में…

सारंगढ़। तबादला आदेश के बाद नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले अधिकारियों को लेकर शासन ने सख्त कदम उठाया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने 19 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को एकपक्षीय रूप से कार्यमुक्त कर दिया है। इस सूची में सारंगढ़ के एसडीएम उमेश कुमार साहू का नाम भी शामिल है। उनके तबादले के बावजूद नई जगह ज्वाइन नहीं करने पर शासन ने अब उन्हें भी एकमुश्त भारमुक्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम उमेश कुमार साहू का तबादला बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में डिप्टी कलेक्टर के पद पर किया गया था, लेकिन उन्होंने अब तक वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, 29 सितंबर और 16 अक्टूबर को जारी तबादला आदेशों के बाद भी संबंधित अधिकारी अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए थे। इसके बाद शासन ने 23 अक्टूबर 2026 को एकमुश्त भारमुक्त करने का आदेश जारी किया।

आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को 26 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अक्टूबर माह का वेतन नई पदस्थापना पर ज्वाइन करने के बाद ही जारी किया जाएगा। इस फैसले से तबादला आदेशों के क्रियान्वयन में देरी करने वाले अधिकारियों को शासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि निर्धारित समय-सीमा में नई जिम्मेदारी संभालना अनिवार्य है।

इसी आदेश में दशरथ सिंह राजपूत का नाम भी शामिल है। उन्हें नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के आयुक्त पद से अपर कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें भी एकमुश्त भारमुक्त किया गया है।

शासन के इस कदम के बाद अब संबंधित अधिकारियों के सामने निर्धारित समय-सीमा के भीतर नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने की जिम्मेदारी है। सारंगढ़ में एसडीएम उमेश कुमार साहू के स्थानांतरण और दशरथ सिंह राजपूत की अपर कलेक्टर के पद पर नई पदस्थापना को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज होने की संभावना है।

Back to top button