सारंगढ़

राजपरिवार के तिलक समारोह में बच्चों को मिला आशीर्वाद, परंपरा से हुए रूबरू….

सारंगढ़। दशहरा पर्व के पावन अवसर पर गढ़ उत्सव के सफल आयोजन के बाद सारंगढ़ राजपरिवार की परंपरा के अनुसार राजा सुश्री पुष्पा देवी सिंह जी का तिलक समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर श्री शांति सीता सेवा समिति के बच्चों को आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने राजपरिवार से आत्मीय मुलाकात कर समारोह की खुशियों में सहभागिता निभाई।

समिति के बच्चों ने राजा सुश्री पुष्पा देवी सिंह जी को बुके, चुनरी एवं फलों की टोकरी भेंटकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया तथा विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण अभिवादन से समारोह का वातावरण आत्मीयता और उल्लास से भर गया।

इस दौरान बच्चों की मुलाकात श्री परिवेश मिश्रा एवं श्रीमती मेनका देवी सिंह से भी हुई। श्रीमती मेनका देवी सिंह ने सभी बच्चों को विजय तिलक लगाकर विजयादशमी का आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके स्नेह और आशीर्वाद से बच्चे उत्साहित नजर आए।

यह आयोजन बच्चों के लिए केवल एक मुलाकात नहीं, बल्कि सारंगढ़ की राजपरिवार की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का विशेष अवसर भी बना। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही सामाजिक सद्भाव, सम्मान और आत्मीयता की भावना को भी मजबूत करते हैं। दशहरे के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह ने परंपरा और सेवा भावना के सुंदर संगम की मिसाल प्रस्तुत की।

Back to top button