सारंगढ़

सारंगढ़ में कांग्रेस की टिकट पर मंथन, जिताऊ चेहरे की तलाश तेज….

सारंगढ़। नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशी चयन को लेकर बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक एवं विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के साथ शहर कांग्रेस, वरिष्ठ नेताओं तथा नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद पद के दावेदारों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में चुनावी रणनीति, प्रत्याशी चयन और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार एवं मंडल अध्यक्ष अश्वनी चंद्रा ने अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए प्राप्त आवेदन पर्यवेक्षक चातुरी नंद को सौंपे। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अब तक घनश्याम मनहर, सोनी बंजारे, सरिता मल्होत्रा, अजय बंजारे और किशोर निराला ने अपनी दावेदारी पेश की है। दावेदारों के सामने आने के साथ ही कांग्रेस में टिकट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

बैठक में जिला संगठन महामंत्री गोल्डी नायक ने पर्यवेक्षक का स्वागत किया। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी सूरज तिवारी ने प्रत्याशियों की दावेदारी पर चर्चा करते हुए उम्मीदवारों को टास्क देने की बात कही, ताकि उनकी सक्रियता, जनसंपर्क और चुनावी क्षमता का आकलन किया जा सके।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ लड़ा जाएगा। प्रत्याशी चयन में संगठन की मजबूती और जीत की संभावनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे प्रत्याशी को टिकट देगी, जो टिकाऊ भी हो और चुनाव जीतने की क्षमता भी रखता हो।

वहीं चुनाव पर्यवेक्षक विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने नगर पालिका अध्यक्ष सहित 12 पार्षदों के पदों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा विकास कार्यों में बाधा पहुंचाई गई, जिसका लाभ कांग्रेस को आगामी चुनाव में मिल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन के लिए वे प्रत्येक वार्ड में जाकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगी और उनकी राय के आधार पर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंपेंगी।

बैठक से यह संकेत मिला कि कांग्रेस इस बार प्रत्याशी चयन में संगठनात्मक सक्रियता, स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय और जीत की संभावनाओं को अहमियत देने की तैयारी में है। अब सबकी निगाहें पर्यवेक्षक की रिपोर्ट और पार्टी के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Back to top button